रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बरेका दौरा, सरदार पटेल को नमन कर कर्मचारियों संग कैंटीन में किया लंच

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 31 अक्टूबर को बरेका का दौरा किया, सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी और कर्मचारियों के साथ कैंटीन में दोपहर का भोजन कर संवाद किया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बरेका दौरा, सरदार पटेल को नमन कर कर्मचारियों संग कैंटीन में किया लंच
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बरेका दौरा, सरदार पटेल को श्रद्धांजलि और कैंटीन में कर्मचारियों संग लंच

वाराणसी, 31 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया।

सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि: इस अवसर पर उन्होंने बरेका के स्वागती हॉल में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं एकीकरण के लिए उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

कर्मचारियों के साथ कैंटीन में भोजन: दौरे का सबसे विशेष क्षण उस समय रहा जब रेल मंत्री ने औपचारिक परिवेश से अलग हटकर सीधे बरेका कर्मचारी कैंटीन में कर्मचारियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। उन्होंने सहज वातावरण में कर्मचारियों से उनकी कार्यप्रणाली, कैंटीन की सुविधाओं और सुझावों पर बातचीत की। देश के रेल मंत्री को अपने बीच देख कर्मचारियों में विशेष उत्साह रहा।

संगठनों और महिला कर्मचारियों से संवाद: इसके उपरांत मंत्री जी ने बरेका कर्मचारी परिषद, एससी/एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ एवं मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व मांगों पर सकारात्मक चर्चा की। प्रतिनिधियों ने ज्ञापन भी सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने बरेका में कार्यरत महिला कर्मचारियों से भी संवाद किया और महिला सशक्तिकरण व कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण पर चर्चा की।

इस अवसर पर अध्यक्ष, रेलवे बोर्ड एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार तथा महाप्रबंधक, बरेका श्री आशुतोष पंत, प्रमुख विभागाध्यक्षगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।