पंचकूला स्कूल कांड में बड़ा एक्शन: 2 टीचर और प्रिंसिपल सस्पेंड, 6 साल की मासूम पर 8 साल के छात्र ने किया था जानलेवा हमला

पंचकूला के सेक्टर-20 संस्कृति मॉडल स्कूल में 6 साल की बच्ची पर हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई, 2 JBT टीचर और प्रिंसिपल सस्पेंड, स्कूल पर FIR दर्ज।

पंचकूला स्कूल कांड में बड़ा एक्शन: 2 टीचर और प्रिंसिपल सस्पेंड, 6 साल की मासूम पर 8 साल के छात्र ने किया था जानलेवा हमला
*छोट पंचकूला स्कूल कांड में बड़ा एक्शन, 2 टीचर और प्रिंसिपल सस्पेंड, 6 साल की बच्ची पर हमला, स्कूल पर FIR दर्ज।

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय यानि संस्कृति मॉडल स्कूल में 6 साल की केजी छात्रा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शिक्षा विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक 28 अक्टूबर को स्कूल के तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र ने केजी में पढ़ने वाली 6 साल की मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर पहली मंजिल पर ले गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बच्ची से कहा कि उसके पापा उसे बुला रहे हैं। इसके बाद आरोपी ने ईंट, पत्थर और गमले से बच्ची पर 12 बार से ज्यादा वार किया। इस हमले में बच्ची के चेहरे और नाक में गंभीर फ्रैक्चर आया और वह लहूलुहान हो गई।

PGI में भर्ती, अब खतरे से बाहर: घायल बच्ची को तुरंत PGI चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। मामले की जांच कर रही पंचकूला DCP अदिति सिंह ने बताया कि बच्ची की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। सरकार ने बच्ची के इलाज का पूरा खर्च उठाने का ऐलान किया है।

बड़ा एक्शन - 2 टीचर और प्रिंसिपल सस्पेंड: इस मामले में लापरवाही बरतने पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। स्कूल की दो JBT शिक्षिकाएं सिमरनजीत कौर और पूजा रानी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं रविवार शाम स्कूल की प्रिंसिपल नीलू को भी सस्पेंड कर दिया गया है। हरियाणा सिविल सेवा नियम 2016 के तहत यह कार्रवाई की गई है।

स्कूल प्रबंधन पर FIR, आरोपी की साइकोलॉजिकल जांच: पुलिस ने प्रथम दृष्टया स्कूल प्रबंधन की गंभीर चूक मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। CCTV प्रिंसिपल ऑफिस में लाइव चल रहा था, लेकिन निगरानी नहीं की गई। उधर 8 वर्षीय आरोपी छात्र को अंबाला स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया है और बाल विशेषज्ञों की देखरेख में उसका मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन कराया जा रहा है।

बाल आयोग और मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान: हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग और हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने DEO पंचकूला से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। DC सतपाल शर्मा ने मामले की जांच के लिए ADC विवेक की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय कमेटी भी गठित की है। DCP ने बताया कि जल्द ही पंचकूला के सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य सुरक्षा SOP जारी की जाएगी।