जालौन में कलयुगी पिता ने नशेड़ी बेटे की 3 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या, शव बोरे में भरकर MP के भिंड में फेंका
जालौन के उरई में पिता ने नशे की लत से परेशान होकर 27 साल के बेटे रहीस उर्फ शानू की 3 लाख में सुपारी देकर हत्या करा दी। ग्वालियर नशा मुक्ति केंद्र से निकालकर कार में गला घोंटा, शव भिंड में फेंका। MP पुलिस ने पिता समेत 4 को गिरफ्तार किया।
अनुराग पांडेय । उरई (जालौन): उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उरई शहर के मोहल्ला बजरिया निवासी एक पिता ने अपने ही 27 साल के बेटे की हत्या की 3 लाख रुपये की सुपारी दे दी।
जानकारी के अनुसार आरोपी पिता का नाम रशीद अंसारी है और मृतक बेटे का नाम रहीस उर्फ शानू (27 वर्ष) है। बेटा लंबे समय से नशे का आदी था।
तीन बार भेजा था नशा मुक्ति केंद्र
पिता रशीद अंसारी ने बेटे को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए तीन बार ग्वालियर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। इस बार वह 6 सितंबर से वहां भर्ती था। लेकिन हर बार घर लौटने के बाद वह फिर से नशा करने लगता था।
बेटे की हरकतों से परेशान होकर पिता ने उसे रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।
3 लाख की सुपारी, ग्वालियर से निकालकर कार में हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि रशीद अंसारी ने शहर के शिवपुरी निवासी गुड्डू, मुन्ना और माहिल तालाब के पास रहने वाले इजरायल से संपर्क किया। तीनों को बेटे की हत्या के लिए 3 लाख रुपये की सुपारी दी और कहा कि बेटा अब वापस नहीं आना चाहिए।
प्लान के तहत 26 अक्टूबर को रशीद खुद ग्वालियर नशा मुक्ति केंद्र पहुंचा और बेटे को बाहर निकलवाया। उसे पहले से खड़ी अर्टिगा कार में बैठा दिया, जिसका नंबर MP07 ZD 1234 था और जो रामनगर निवासी ज्ञान सिंह की थी। पिता ने कहा कि वह पीछे से आ रहा है।
रास्ते में ही कार के अंदर तीनों आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर रहीस की हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर मध्य प्रदेश के भिंड जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के मानपुरा बीहड़ में फेंक दिया।
CCTV से खुला राज, पिता समेत 4 गिरफ्तार
27 अक्टूबर को भिंड पुलिस को बोरे में बंद शव मिला। जांच में एक CCTV में अर्टिगा कार दिखी। कार के नंबर के आधार पर पुलिस उरई तक पहुंची।
मामले का खुलासा होने के बाद 31 अक्टूबर शुक्रवार रात को भिंड देहात पुलिस उरई कोतवाली पुलिस की मदद से शहर पहुंची और रशीद अंसारी, गुड्डू, मुन्ना और इजरायल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए हैं।
चारों आरोपियों को पुलिस अपने साथ मध्य प्रदेश ले गई है, जहां आगे की विवेचना जारी है। शहर कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।


