हरियाणा में हाई अलर्ट, नूंह, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद में स्कूल-कॉलेज बंद; धारा-144 लागू
हरियाणा में हाई अलर्ट, नूंह, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद में स्कूल-कॉलेज बंद; धारा-144 लागू
हरियाणा के नूंह में हिंसक घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए 15 टीम बनाई गई। मामले में सीआईडी इनपुट जुटा रही है। उपद्रव को देखते हुए जिले में रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। हरियाणा से जुड़ी राजस्थान के भरतपुर की सीमा को भी सील किया गया है।
नूंह, जागरण संवाददाता। Haryana Nuh Violence Live Updates : हरियाणा के नूंह में दो समुदायों में हिंसक झड़प को लेकर प्रशासन अलर्ट है। उपद्रव को देखते हुए शाम को जिला उपायुक्त प्रशांत पंवार ने धारा 144 लागू कर दी। शाम चार बजे के बाद दो अगस्त तक के लिए जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह के अफवाह को फैलने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
Haryana Violence Live: हिंसक उपद्रव पर राज्य सरकार अलर्ट
हिंसक उपद्रव पर राज्य सरकार भी सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गृह सचिव और डीजीपी से मामले पर रिपोर्ट ली। उन्होंने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि शांति बहाली के प्रयास जारी हैं। हालात पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार की ओर से सुरक्षाबलों की तीन कंपनियां हेलीकाप्टर से मौके पर भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में फंसे लोगों को एयरलिफ्ट कर निकाला जाएगा।
Nuh Violence Live: पलवल जिलाधीश नेहा सिंह ने संवेदनशील इलाकों में नियुक्त किए ड्यूटी मजिस्ट्रेट
हरियाणा के नूंह में हुई उपद्रव की घटना को देखते हुए पलवल जिलाधीश नेहा सिंह ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
Haryana Nuh Violence: यह है पूरे विवाद की पृष्ठभूमि
इसी साल 16 फरवरी को हरियाणा के भिवानी में बोलेरो से दो जले शव बरामद हुए थे। इनकी शिनाख्त राजस्थान के गोपागढ़ निवासी जुनैद और नासिर के रूप में हुई थी। दोनों की हत्या का आरोप बजरंग दल के प्रांत गोरक्षा प्रमुख मोनू मानेसर पर लगाया गया। वह पांच महीने से फरार है। आरोप है कि मोनू मानेसर ने रविवार को वीडियो जारी कर इस यात्रा में शामिल होने की बात कही थी। उसके एलान को लेकर मुस्लिमों में नाराजगी थी, जबकि कुछ लोगों ने इस वीडियो को गलत ठहराया और कहा कि यह सब फर्जी था। बताया जा रहा है कि लोग यात्रा पर हमले के लिए पहले से तैयार थे। विहिप और बजरंग दल के लोगों का कहना है कि इस यात्रा में मोनू मानेसर शामिल ही नहीं हुआ और अपनी कमियों तथा गलतियों को छिपाने के लिए उसके नाम का इस्तेमाल किया गया है।
आज सुबह 11 बजे दोनों पक्षों के साथ SP की बैठक
एसपी नरेन्द्र सिंह बिजारणिया ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि जिला में फिलहाल हालात सामान्य है और स्थिति नियंत्रण में है। दोषियों की पहचान कर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इस मामले को लेकर एसपी की ओर से एक बड़ी शान्ति वार्ता आज यानी 1 अगस्त को प्रातः 11 बजे पुनः आयोजित की जाएगी।
पहले भी नूंह के एसपी रह चुके हैं नरेंद्र
हिंसा के बाद उनकी विशेष रूप से तैनाती की गई है। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में कानून हाथ में लेकर हिंसक घटना को अंजाम देने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। शांति बनाए रखने के लिए दोनों समुदाय के मौजिज लोग भी लोगों से अपील कर रहे हैं। बता दें कि नूंह के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला अवकाश पर चल रहे हैं। पलवल के एसपी के पास नूंह का अतिरिक्त प्रभार था।
नूंह में लगा कर्फ्यू नरेंद्र बिजारणिया को दी गई एसपी की जिम्मेदारी
भिवानी के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया को तुरंत प्रभाव से नूंह एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रशासन की ओर से कर्फ्यू लगा दिया गया है। कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की जांच के बाद जिला में प्रवेश करने दिया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थान के साथ-साथ बाजार बंद रहेंगे। रात में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती कर दी जाएगी। नरेंद्र नूंह पहुंच पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की रणनीति भी बना चुके हैं।
Nuh Violence Live : पूरे जिले में फ्लैग मार्च निकालने की तैयारी
नूंह जिला के हर थाना की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी को दी गयी। 11 बजे उपायुक्त प्रशांत पंवार की अध्यक्षता में अमन चैन कमेटी की बैठक होगी। आरएएफ की दस कंपनी अब तक जिले में पहुंची। दस बजे पूरे जिले में फ्लैग मार्च निकालने की तैयारी चल रही है।
Haryana Violence Live: हिंसक घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए बनाई गई 15 टीम
हरियाणा के नूंह में हिंसक घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए 15 टीम बनाई गई। मामले में सीआईडी इनपुट जुटा रही है। उपद्रव को देखते हुए जिले में रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। हरियाणा से जुड़ी राजस्थान के भरतपुर की सीमा को भी सील किया गया है।
इंटरनेट सेवा बंद
बीते सोमवार यानी 31 जुलाई को हरियाणा के नूंह में दो समूहों के बीच हुई झड़प के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं।


