वाराणसी: अवैध निर्माण कराने पर पापुलर अस्पताल के निदेशक पर मुकदमा

पॉपुलर हॉस्पिटल के निदेशक ने लगाया जेई पर पैसे मांगने का आरोप: वाराणसी से जयचन्द की रिपोर्ट

वाराणसी: अवैध निर्माण कराने पर पापुलर अस्पताल के निदेशक पर मुकदमा
पॉपुलर हॉस्पिटल ककरमत्ता वाराणसी

वाराणसी:जयचन्द

 वाराणसी:ककरमत्ता स्थित पापुलर अस्पताल के निदेशक डॉ. अवधेश कुमार कौशिक और उनकी पत्नी डॉ. किरन कौशिक के खिलाफ वीडीए ने भेलूपुर थाने में दो मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि जिन भवनों में निर्माण कराया जा रहा है, उनका नक्शा पास नहीं है। साथ ही वीडीए की ओर से दोनों भवनों को पुलिस के सामने सील किया। आरोप है कि सील तोड़कर दोनों भवनों में निर्माण शुरू कराया गया। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडीए के अवर अभियंता जेपी गुप्ता के अनुसार, अस्पताल के निदेशक अवधेश कुमार कौशिक को 14 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था।

इसके बाद 22 अगस्त को निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया गया। आरोप है कि निदेशक ने वीडीए की ओर से सील भवन में दोबारा से निर्माण कार्य शुरू कराया। रात के समय निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचा तो सील तोड़कर कार्य कराया जाना पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

उधर, यह भी पाया गया कि निदेशक एके कौशिक की ओर से ककरमत्ता स्थित संख्या 10/82 में बेसमेंट समेत चार तल के निर्माण में ऊपर ममटी का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें भी 14 अगस्त को नक्शा निरस्त किया गया। 18 अगस्त को नोटिस जारी किया गया। 22 अगस्त को भवन को सील करते हुए पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया था। निदेशक चिकित्सक द्वारा जबरन सील तोड़कर अवैध निर्माण निरंतर जारी रखा। भेलूपुर इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

निदेशक ने जेई पर लगाया पैसे मांगने का आरोप पापुलर

 अस्पताल के निदेशक डॉ. अवधेश कुमार कौशिक ने बताया कि वीडीए के जेई जय प्रकाश गुप्ता ने कार्रवाई न करने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी कि पैसा नहीं मिलेगा तो कार्रवाई करेंगे। मुकदमे की जानकारी नहीं है। पैसे न देने पर जेई ने परेशान करने के लिए कार्रवाई की है।