उत्तर प्रदेश :सीओ कृपा शंकर कनौजिया को उनकी हरकतों की वजह से और पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में डिमोशन कर अधिकारी से सिपाही बना दिया गया।
आमतौर पर नौकरियों में लोगों का प्रमोशन होता है लेकिन उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक पुलिस अधिकारी का डिमोशन हो गया और वो डिप्टी एसपी से सीधे कांस्टेबल बन गए हैं। :जगदीश शुक्ला
INDIA NEWS REPORT
जगदीश शुक्ला
उत्तर प्रदेश के शहर के होटल में अपनी प्रेमिका के साथ बंद कमरे में इश्क लड़ाते वक्त पकड़े गए डीएसपी को अब डिमोट करके सिपाही बना दिया गया है। मोहब्बत के भंवर में उलझने वाले पुलिस अधिकारी वारदात के समय उन्नाव में तैनात थे, लेकिन अपनी महिला मित्र सिपाही के साथ इलू-इलू खेलने अक्सर कानपुर आते थे।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक पुलिस अधिकारी के डिमोशन की कहानी की खूब चर्चा हो रही है. वहां के कृपा शंकर कनौजिया डिप्टी SP की पोस्ट से लुढ़ककर सीधे कांस्टेबल के पद पर आ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृपा शंकर ने परिवार के साथ समय बिताने के लिए छुट्टी मांगी थी. छुट्टी अप्रूव भी हो गई, लेकिन डिप्टी SP परिवार को छोड़कर कहीं और ही निकल गये जिसका खुलासा सर्विलांस टीम ने किया था।
मामला तीन साल पुराना है. आजतक से जुड़े संतोष शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्नाव में सर्किल ऑफिसर CO के तौर पर काम कर रहे कृपा शंकर ने 6 जुलाई 2021 से पारिवारिक वजहों से छुट्टी मांगी थी. छुट्टी की मंजूरी मिल गई. इसके बाद कृपा शंकर मानो लापता हो गए. उन्होंने अपना प्राइवेट और सरकारी दोनों फोन बंद कर दिए।
ऑफिस में सब यही मान रहे थे कि डिप्टी SP परिवार के साथ होंगे, लेकिन कृपा शंकर घर पर नहीं थे. इधर, उनकी पत्नी बार-बार उन्हें फोन मिला रही थीं. काफी देर तक फोन नहीं लगा तो कृपा शंकर की पत्नी ने उनके साथियों से जानकारी ली. पता चला कि वो परिवार का बहाना देकर छुट्टी पर निकल गए हैं. परेशान होकर पत्नी ने उन्नाव के SP से मदद मांगी।
कृपा शंकर को ढूंढने के लिए सर्विलांस टीम को काम पर लगाया गया. उनका फोन नंबर ट्रैक किया गया. पता चला कि कृपा शंकर का मोबाइल कानपुर के होटल में जाकर बंद हुआ था. उन्नाव पुलिस लोकेशन के हिसाब से उस होटल में पहुंची. पुलिस के मुताबिक, कृपा शंकर होटल में एक महिला सिपाही के साथ थे. सबूत के तौर पर पुलिस वीडियो बनाकर अपने साथ ले गई. दोनों के होटल में जाते हुए CCTV फुटेज भी इकट्ठा किए गये।
इसके बाद राज्य सरकार ने कृपा शंकर का डिमोशन कर फिर से सिपाही बनाने की सिफारिश की. ADG प्रशासन ने CO को सिपाही बनाने का आदेश जारी किया. अब उनकी पोस्टिंग 26वीं PS वाहिनी गोरखपुर में की गई है।


