पटना में भीषण अग्निकांड, विश्वकर्मा टिम्बर में लगी आग; 10 घर भी चपेट में आए
पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के पीरमुहानी के पास विश्वकर्मा टिम्बर में देर रात लगी आग ने आसपास के 10 घरों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने के कारणों की जांच के लिए कमेटी गठित करने की मांग की गई है।
40 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
आग की लपटों और धुएं के बीच 40 लोग घरों में फंस गए थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
9 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
फायर ब्रिगेड की टीमें पूरी रात आग बुझाने में जुटी रहीं। करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन सुबह तक भी घटनास्थल से धुआं उठता रहा।विश्वकर्मा टिम्बर में रखी लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री ने आग को और भड़काने का काम किया। आसपास के घरों में रखा सामान, फर्नीचर और अन्य जरूरी चीजें भी जलकर खाक हो गईं।
जांच के लिए कमेटी गठन की मांग
अग्निशमन पदाधिकारी मनोज नट ने इस अग्निकांड को गंभीर बताते हुए इसके कारणों की जांच के लिए एक कमेटी गठन की अनुशंसा की है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, लेकिन सटीक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है।वहीं गांधी मैदान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। विश्वकर्मा टिम्बर के मालिक और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।


