पूर्वांचल डिस्कॉम के नवनियुक्त एमडी संदीप कुमार से मिला विद्युत मजदूर पंचायत का प्रतिनिधिमंडल, कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का मिला आश्वासन

वाराणसी में प्रबन्ध निदेशक ने कहा - कर्मचारी निगम की सबसे बड़ी पूंजी, समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा समाधान। पंचायत ने भी डिस्कॉम के विकास में सहयोग का दिया आश्वासन

पूर्वांचल डिस्कॉम के नवनियुक्त एमडी संदीप कुमार से मिला विद्युत मजदूर पंचायत का प्रतिनिधिमंडल, कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का मिला आश्वासन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के नवनियुक्त प्रबन्ध निदेशक संदीप कुमार IAS को विद्युत मजदूर पंचायत का प्रतिनिधिमंडल बुके देकर स्वागत करते हुए। वाराणसी, 11 अगस्त 2026

INDIA NEWS REPORT

जयचन्द 

वाराणसी-11 अगस्त 2026। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नवनियुक्त प्रबन्ध निदेशक श्री संदीप कुमार (आई.ए.एस.) द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत विद्युत मजदूर पंचायत, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रबन्ध निदेशक को विश्वास दिलाया कि पूर्वांचल डिस्कॉम की कार्यक्षमता, उपभोक्ता सेवा में सुधार तथा निगम के सर्वांगीण विकास हेतु विद्युत मजदूर पंचायत सदैव सकारात्मक एवं रचनात्मक सहयोग प्रदान करती रहेगी। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निगम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए वह पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों को प्रबन्ध निदेशक के समक्ष विस्तार से रखा। प्रबन्ध निदेशक श्री संदीप कुमार ने सभी बिंदुओं को गंभीरता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से सुना तथा आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की वास्तविक एवं न्यायोचित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि "कर्मचारी निगम की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी हैं। उनके हितों और कार्य-सुविधाओं का ध्यान रखते हुए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रबंधन हरसंभव प्रयास करेगा।"

विद्युत मजदूर पंचायत, उत्तर प्रदेश ने प्रबन्ध निदेशक द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में पूर्वांचल डिस्कॉम नई उपलब्धियाँ प्राप्त करेगा, कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा उपभोक्ताओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

 प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे:

प्रांतीय कार्यवाहक महामंत्री डॉ. आर.बी. सिंह, प्रान्तीय अतिरिक्त महामंत्री ओ.पी. सिंह, प्रांतीय मंत्री जिउतलाल, जिलाध्यक्ष विजय सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल मंत्री अंकुर पाण्डेय आदि।