श्री गुरुशरण सेवा ट्रस्ट द्वारा श्रावण के अंतिम सोमवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन, 500 से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित
।श्री गुरुशरण सेवा ट्रस्ट ने श्रावण के अंतिम सोमवार को लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर डॉ. आर. के. बक्शी के नेतृत्व में हुआ आयोजन, गुड़, जल, बिस्कुट और शर्बत का भी वितरण।
INDIA NEWS REPORT
रिपोर्ट:-कुलदीप बरनवाल
वाराणसी। विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी श्री गुरुशरण सेवा ट्रस्ट द्वारा पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर नन्दी चौक - मंदिर मार्ग पर भव्य निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा गया था, जिसमें शिव भक्तों, दर्शनार्थियों और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी।
शिविर का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी, उमस और लंबी पैदल यात्रा से थके हुए श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सीय सहायता प्रदान करना था। शिविर में बुखार, बदन दर्द, सर्दी-जुकाम, उल्टी, गैस, डिहाइड्रेशन जैसी सामान्य बीमारियों के उपचार की पूरी व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही चोटिल कांवरियों के लिए मरहम-पट्टी और ORS घोल की विशेष व्यवस्था की गई थी।
ट्रस्ट के अनुसार इस चिकित्सा शिविर से लगभग 500 श्रद्धालुओं ने निःशुल्क दवाओं और परामर्श का लाभ लिया।
साथ ही श्रद्धालुओं की सेवा के क्रम में गुड़ और स्वच्छ पेयजल का वितरण किया गया, ताकि पैदल यात्रा के दौरान ऊर्जा बनी रहे। छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से बिस्कुट एवं शर्बत की व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी ने सराहना की।
शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर. के. बक्शी जी के नेतृत्व में हुई। उनके कुशल मार्गदर्शन में पूरी मेडिकल टीम ने अनुशासित और सेवाभाव से कार्य किया। शिविर में ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं महिला टीम ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


