बरेका में भव्यता के साथ मना विजयादशमी पर्व, 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन - जय श्रीराम से गूंजा BLW स्टेडियम
वाराणसी के बरेका में विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। 70 फीट रावण, 65 फीट कुंभकर्ण और 60 फीट मेघनाद के पुतलों का दहन, महाप्रबंधक आशुतोष पंत रहे मुख्य अतिथि।
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में विजयादशमी पर्व आज दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को पारंपरिक उल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बरेका खेलकूद स्टेडियम में भव्य रामलीला मंचन एवं रावण, कुंभकर्ण तथा मेघनाद के पुतला दहन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरेका महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं भगवान लक्ष्मण की आरती के साथ किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की विजय, सत्य एवं धर्म की स्थापना का प्रतीक है और हमें असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म तथा अहंकार पर विनम्रता के संदेश को आत्मसात करना चाहिए।
श्री एस. डी. सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत रूपक रामलीला मंचन में राम वनगमन, सीता हरण, वानरों द्वारा सीता की खोज, लंका दहन, हनुमान जी की वापसी एवं विभीषण की शरणागति जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके अतिरिक्त अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण एवं मेघनाद वध, सुलोचना विलाप तथा राम-रावण युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
तत्पश्चात आकर्षक आतिशबाजी के बीच 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण एवं 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, विजयादशमी समिति के अध्यक्ष श्री राम जन्म चौबे एवं महामंत्री श्री अनूप सिंह वत्स सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


