जबलपुर में रेस्टोरेंट की घिनौनी करतूत, बाथरूम के पानी से बन रहा था खाना, ट्रेन यात्रियों को भी परोसते थे
Jabalpur Food Raid: जबलपुर के सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, बाथरूम के पानी से सब्जियां धोने और खाना बनाने का खुलासा, रेलवे में भी सप्लाई होता था खाना, FSSAI लाइसेंस निलंबित कर रेस्टोरेंट सील
प्रज्ञा मिश्रा । जबलपुर। दीपावली त्योहार से पहले मिलावट और गंदगी के खिलाफ जबलपुर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा तो किचन के हालात देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
जांच में खुलासा हुआ कि रेस्टोरेंट में बाथरूम के गंदे पानी से सब्जियां धोई जा रही थीं और उसी पानी से खाना भी बनाया जा रहा था। बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में खाना तैयार कर स्टोर किया जा रहा था।
सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इसी किचन से तैयार भोजन के पैकेट रेलवे यात्रियों को भी सप्लाई किए जाते थे। पूछताछ में संचालक ने खुद स्वीकार किया कि यहां से ट्रेनों के लिए फूड पैकेट्स भेजे जाते थे।
लाइसेंस निलंबित, रेस्टोरेंट सील
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता की टीम ने मौके से पनीर, दाल और चावल के सैंपल लिए। खाद्य सुरक्षा मानकों और लाइसेंस शर्तों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर रेस्टोरेंट का FSSAI लाइसेंस तुरंत निलंबित कर उसे सील कर दिया गया।
मिठाई दुकानों पर भी कार्रवाई
त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने के लिए विभाग ने अन्य जगहों पर भी छापेमारी की। ग्वारीघाट स्थित न्यू केशरवानी स्वीट्स से नारियल बर्फी और मगज लड्डू और रामपुर स्थित मधु कलश स्वीट्स से आटे के लड्डू और पेड़े के सैंपल लिए गए हैं।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


