मिर्जापुर पुलिस ,स्वाट,सर्विलांस, व एसओजी की संयुक्त कार्यवाही में विभिन्न क्षेत्रों से 68 लाख के गांजे के साथ 12 गिरफ्तार

मिर्जापुर पुलिस ,स्वाट,सर्विलांस, व एसओजी की संयुक्त कार्यवाही में विभिन्न क्षेत्रों से 68 लाख के गांजे के साथ 12 गिरफ्तार
68 लाख के गांजे के साथ 12 गिरफ्तार

रिपोर्ट-मिर्जापुर: विनय सिंह

मिर्जापुर, पुलिस, स्वाट/सर्विलांस व एसओजी की संयुक्त टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार की रात और शुक्रवार की सुबह कार्रवाई करते हुए 68 लाख रुपये के गांजा के साथ कुल 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

इस सफलता पर एसपी ने पुलिस टीमों को नगद पुरस्कार दिए हैं।

पुलिस को सबसे बड़ी सफलता अदलहाट थाना क्षेत्र में मिली। अदलहाट थाना की पुलिस ने एसटीएफ के साथ शुक्रवार को 69 किलो गांजा के साथ छह अंतर्राज्यीय तस्करों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पकड़े गए गांजा की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये हैं। इसे दो कारों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। अदलहाट थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौरसिया के नेतृत्व में टीम को यह सफलता मिली। एसटीएफ से एसआई संजय सिंह मय टीम रहे।

पकड़े गए अभियुक्तों में 40 वर्षीय सूरज सिंह, 35 वर्षीय श्याम लाल घोष व 39 वर्षीय गौतम घोष, तीनों निवासी जीपी पल्ली, थाना प्लान साइट, राउर केला, जनपद सुन्दरगढ़, प्रदेश उड़ीसा, 36 वर्षीय बलकार सिंह, निवासी बिसर रोड, थाना प्लान साइट, राउर केला, जनपद सुन्दरगढ़, प्रदेश उड़ीसा, 30 वर्षीय राहुल, निवासी तुर्कमानपुर थाना राजघाट, जिला गोरखपुर और 35 वर्षीय किरन,निवासी अमूर्त मण्डी, गीडा, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ओड़िसा से गांजा लेकर सोनभद्र, मिर्जापुर व आसपास के जनपदों में भण्डारण कर आवश्यकता के अनुसार जगह-जगह उसकी सप्लाई करते हैं। पुलिस ने सभी छहों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों कारों को सीज कर दिया है। उनके पास से छह मोबाइल फोन और 780 रुपये बरामद हुए है। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।

दूसरी सफलता राजगढ़ थाना पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी की टीम को संयुक्त रूप से मिली। उक्त टीम ने गुरुवार की रात को वाहनों की जांच के दौरान 30 वर्षीय राम विलास पटेल, निवासी कचहरिया, 30 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार,निवासी महगांव और 29 वर्षीय संजय कुमार, निवासी सिंगही, तीनों थाना राजातालाब, जिला बनारस को पकड़ा। तीनों एक बोलेरो की सीट के नीचे गांजा छिपा कर ले जा रहे थे। तौल में यह गांजा 52 किलो 500 ग्राम निकला।

पुलिस के अनुसार बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन को सीज कर दिया गया। उनके पास से 1620 रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन मिले। अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग ओड़िसा से बोलेरो में गांजा छिपाकर लादकर जनपद वाराणसी लाते हैं। वहां एक व्यक्ति से मिलकर बनारस और आसपास के जनपदों में बेचते हैं। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना राजगढ़ राणा प्रताप यादव मय पुलिस टीम, निरीक्षक माधव सिंह प्रभारी एसओजी मय पुलिस टीम और उप-निरीक्षक राजेश चौबे प्रभारी स्वाट/सर्विलांस मय पुलिस टीम शामिल रहे। इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी ने टीम को 10 हजार रुपये से पुरस्कृत किया।

तीसरी सफलता में थाना कछवां, स्वाट/सर्विलांस व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने 50 किग्रा गांजा के साथ तीन अभियुक्तों को गुरुवार की रात को वाहनों की जांच के दौरान पकड़ा। पुलिस के अनुसार पकड़े गए गांजा की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये है। जानकारी के अनुसार वाहनों की जांच के दौरान उक्त टीम ने एक पिकअप को रोका। उसकी तलाशी में 50 बंडलों में कुल 50 किग्रा गांजा बरामद किया। इसे ले जा रहे 33 वर्षीय सुभाष चन्द्र यादव, 32 वर्षीय ओम प्रकाश यादव और 34 वर्षीय राकेश यादव, तीनों निवासी महगांव, थाना राजातालाब, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया गया। इन अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग उड़ीसा से पिकअप में गांजा छिपाकर लादकर जनपद वाराणसी में लाकर एक व्यक्ति को देते हैं, जो मांग के अनुसार जनपद वाराणसी सहित अन्य आसपास के जनपदों में बिक्री करता है। इनके पास से 1330 रुपये और दो मोबाइल फोन मिले। इस सफलता पर एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।