वाराणसी के सिगरा में SOG का बड़ा एक्शन, AC हॉल में चल रहे जुए के अड्डे से 47 जुआरी गिरफ्तार, 10 लाख कैश बरामद

_जुए पर एसओजी 2 का बड़ा एक्शन पब्लिक शिका और रेकी के बाद बड़ा एक्शन ,लगेगा गैंगेस्टर एक्ट_

वाराणसी के सिगरा में SOG का बड़ा एक्शन, AC हॉल में चल रहे जुए के अड्डे से 47 जुआरी गिरफ्तार, 10 लाख कैश बरामद

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिगरा थाना क्षेत्र में डीसीपी क्राइम नीतू काद्यान के नेतृत्व में SOG-2 ने एक आलीशान मकान में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर छापा मारा। टीम ने मौके से 47 जुआरियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 10 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

दरवाजा तोड़कर घुसी SOG

प्रभात कुमार रस्तोगी के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने AC हॉल में जुए की फड़ सजती थी। SOG-2 प्रभारी पंकज सिंह चौहान की टीम ने पहले दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ दिया गया। अंदर का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई, लाखों के दांव लगे थे। पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। कई जुआरियों ने रसूख का हवाला देकर फोन लगाने की कोशिश की, लेकिन SOG ने सख्ती दिखाते हुए सभी को हिरासत में ले लिया।

7 जिलों से आते थे जुआरी, नेता के करीबी भी शामिल 

पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार जुआरियों में वाराणसी के अलावा 7 जिलों के लोग हैं। सूत्रों के मुताबिक इस अड्डे पर सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों के करीबी भी जुआ खेलते थे। यह पूरा नेटवर्क विशाल सिंह नामक युवक चला रहा था, जिसने मकान किराए पर ले रखा था। बाहर से ताला लगाकर अंदर जुआ खिलाया जाता था।

SO सिगरा की भूमिका पर सवाल !

इतने बड़े पैमाने पर जुए के अड्डे को लेकर सिगरा पुलिस की मिलीभगत के आरोप लग रहे हैं। सोशल मीडिया पर गुडवर्क के वीडियो डालने वाले SO सिगरा शिवाकांत मिश्रा की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि छापेमारी के बाद मौके पर पहुंची सिगरा पुलिस आरोपियों का बचाव करती नजर आई।

डीसीपी क्राइम नीतू काद्यान ने बताया, "पब्लिक की शिकायत पर 3 दिन तक रेकी की गई थी। सभी 47 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। बरामदगी की गिनती जारी है, रकम और बढ़ सकती है।"