वाराणसी: सिगरा में बंद मकान में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर SOG का हल्ला-बोल, 47 जुआरी गिरफ्तार, 19.53 लाख कैश बरामद
जुए पर एसओजी 2 का बड़ा एक्शन पब्लिक शिका और रेकी के बाद बड़ा एक्शन ,लगेगा गैंगेस्टर एक्ट ,बन्द कमरा और अंदर लाखों का जुआ
INDIA NEWS REPORT
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। सिगरा थाना क्षेत्र में कुबेर कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित एक बंद मकान में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर डीसीपी क्राइम नीतू काद्यान के निर्देशन में SOG-2 ने छापेमारी की। मौके से 47 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं!
पुलिस ने मौके से 19 लाख 53 हजार रुपये नकद, कई वाहन और जुए के उपकरण बरामद किए हैं। कैश इतना ज्यादा था कि गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी।
बाहर से ताला, अंदर लाखों के दांव
आरोपियों का नया तरीका था कि जुआरियों को अंदर करने के बाद बाहर से मुख्य गेट पर ताला लगा दिया जाता था, ताकि किसी को शक न हो। प्रभात कुमार रस्तोगी के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने AC हॉल में फड़ सजती थी।
डीसीपी क्राइम नीतू कादयान ने बताया कि पब्लिक की लगातार शिकायत के बाद 3-4 दिन तक रेकी की गई। बुधवार शाम जब अंदर जुआरियों की संख्या अधिकतम थी, तो SOG-2 प्रभारी पंकज सिंह चौहान की टीम ने दरवाजा तोड़कर छापा मार दिया। अंदर भगदड़ मच गई। कई ने रसूख दिखाकर फोन लगाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने सख्ती दिखाई।
जांच में सामने आया कि विशाल सिंह ने यह मकान लीज पर ले रखा था और वही इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड है। पकड़े गए जुआरी वाराणसी के अलावा 7 जिलों के हैं, जिनमें सत्ताधारी दल से जुड़े जनप्रतिनिधियों के करीबी भी बताए जा रहे हैं।
अब लगेगी BNS 111, गैंगस्टर और होगी कुर्की डीसीपी क्राइम नीतू काद्यान ने बताया कि इस बार सिर्फ जुआ अधिनियम नहीं, बल्कि कड़ी कार्रवाई होगी -
- भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) के तहत केस दर्ज होगा
- BNSS 107 के तहत संपत्ति कुर्क की जाएगी
- पूरे गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट लगेगा और सभी के IP, CDR और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच होगी
छापेमारी करने वाली टीम में SOG-2 प्रभारी पंकज सिंह चौहान, बृज बिहारी ओझा, गौरव भारती, कमल किशोर, शाश्वत शुक्ला, आशुतोष सिंह, आशीष सिंह और सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा शामिल रहे।


