अंबेडकरनगर में सनसनी: IPS की 91 वर्षीय मां की हत्या, लाखों के जेवर लूटे
लखनऊ में तैनात IPS आशुतोष मिश्रा की मां का शव मिला। पुलिस ने बनाईं 5 विशेष टीमें
INDIA NEWS REPORT
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले में लूटपाट के बाद हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लखनऊ पुलिस मुख्यालय में तैनात 2016 बैच के IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती देवी का शव उनके पैतृक घर में खून से लथपथ मिला।
घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव की है। 15-16 अगस्त की रात अज्ञात बदमाश घर में घुसे और लाखों के जेवर लूटकर फरार हो गए। रविवार दोपहर दाई के पहुंचने पर हत्या का खुलासा हुआ।
परिजनों के मुताबिक मृतका के गले की चेन, कान-नाक के जेवर और पायल गायब हैं।
पुलिस ने गठित कीं 5 टीमें
मौके पर पहुंचीं आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार और एसपी प्राची सिंह ने बताया कि हत्या और लूट का केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SWAT और सर्विलांस सहित 5 विशेष टीमें बनाई गई हैं। गांव के CDR और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
घटना के बाद विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। 48 घंटे में खुलासे की मांग की गई है। सूचना मिलते ही IPS आशुतोष मिश्रा भी लखनऊ से गांव पहुंच गए हैं।


