बरेका में 10 कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई, योगदान को किया गया याद
Varanasi News: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अक्टूबर में सेवानिवृत्त हुए 1 अधिकारी और 9 कर्मचारियों को विदाई दी गई, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म ने किया सम्मानित।
जयचन्द । वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अक्टूबर 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी एवं नौ कर्मचारियों के सम्मान में सोमवार, 02 नवंबर को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद किया गया।
समारोह में सहायक कार्य प्रबंधक हरेन्द्र कुमार पाण्डेय, मुख्य कार्यालय अधीक्षक डॉ. मानसी पाइक राय, एस.एस.ई./वेल्डिंग राम चन्दर, एस.एस.ई. बृजेश कुमार विश्वकर्मा, एम.सी.एम. कैलाश कुमार सेठ, वरिष्ठ तकनीशियन असीम नार्थ, वरिष्ठ तकनीशियन काफिल अहमद, वरिष्ठ तकनीशियन अशोक कुमार रावत, तकनीशियन चंद्रमा प्रसाद तथा हाउसकीपिंग असिस्टेंट मो. असलम खान को माल्यार्पण कर फोल्डर प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख मुख्य इंजीनियर ने कहा कि सेवानिवृत्ति कर्मचारी के जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने सभी को स्वस्थ, सुखी एवं शांतिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी, जबकि मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा प्रबंधक रिचा त्रिपाठी तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक दिनेश कुमार ने वित्तीय प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। इस दौरान जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य एवं परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजकुमार गुप्ता ने किया।


