अमिताभ ठाकुर ने मस्जिदों में जमात पर नोटिस की मानवाधिकार आयोग को शिकायत
मस्जिदों में जमात को लेकर नोटिस भेजने के प्रकरण में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने मानवाधिकार आयोग से की शिकायत: वाराणसी से जयचन्द की रिपोर्ट
वाराणसी:जयचन्द
वाराणसी : आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने थाना आदमपुर, वाराणसी द्वारा क्षेत्र की मस्जिदों के मौलवी और मुतवल्लियों को अपने मस्जिदों में जमातियों की कोई मीटिंग या कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाने के संबंध में दी गई नोटिस को गैर कानूनी बताते हुए इसकी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को शिकायत भेजी है।
इन नोटिस में प्रभारी निरीक्षक आदमपुर ने सभी मौलवी और मुतवल्ली को आदेश दिया है कि वे अपने मस्जिद में जमतियों की बिना शासन प्रशासन की अनुमति के कोई भी कार्यक्रम या मीटिंग का आयोजन नहीं काटेंगे. यदि उनके द्वारा कोई मीटिंग या कार्यक्रम किया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। अमिताभ ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों पर रोक लगाया जाना प्रथमदृष्टया संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का सीधा उल्लंघन जान पड़ता है।
अतः उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए इस प्रकार का विधि विरुद्ध आदेश देने वाले पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


