VIP क्षेत्र से सटा वाराणसी का उपेक्षित क्षेत्र जलालीपट्टी: PM संसदीय क्षेत्र के वार्ड-38 में 12 महीने सड़क पर बहता रहा सीवर का पानी!
BLW / बरेका की बाउंड्री से सटा है ककरमत्ता का जलालीपट्टी गांव यादव बस्ती, नगर निगम में नया जुड़ा पर सुविधाएं नदारद; दुर्गंध से चलना दूभर, डेंगू-मलेरिया का खतरा
INDIA NEWS REPORT
ग्राउंड जीरो रिपोर्ट जयचन्द
वाराणसी। VIP क्षेत्र से ठीक सटा हुआ वाराणसी का उपेक्षित क्षेत्र जलालीपट्टी आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के ककरमत्ता वार्ड नंबर 38 अंतर्गत जलालीपट्टी गांव यादव बस्ती में सड़कों पर पिछले काफी समय से सीवर का गंदा, दूषित पानी बह रहा है।
यह इलाका बरेका (BLW) बाउंड्री के ठीक बाहर स्थित है, जहां एक तरफ BLW क्षेत्र में हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध है, वहीं दूसरी तरफ बाउंड्री से सटा यह इलाका नगर निगम में नया जुड़ने के बाद भी उपेक्षा का शिकार है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीव्र दुर्गंध के कारण सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो चुका है। 12 महीने से सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से लोग गंदगी में रहने को मजबूर हैं।
जब यह क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्र में आता था तो यही मार्ग आने-जाने के लिए सुगम था, लेकिन नगर निगम में शामिल होने के बाद विकास की जगह हालात बदतर हो गए।
बीमारियों का खतरा
जलभराव और गंदगी की वजह से क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। दूषित वातावरण के कारण डेंगू, मलेरिया, डायरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
हालांकि क्षेत्र की सभासद द्वारा सीवर सफाई कराई गई थी, लेकिन वर्तमान स्थिति उस पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है। प्रशासन की उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद सीवर लाइन की सफाई या मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त और जिलाधिकारी से जल्द से जल्द सीवर समस्या के स्थायी समाधान और क्षेत्र में सैनिटाइजेशन कराने की मांग की है।


