सहारनपुर मस्जिद केस: CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी, लेडी यूटूबर हुदा जरीवाला गिरफ्तार

सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद ध्वस्तीकरण का विरोध करने और CM योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करने पर यूट्यूबर हुदा जरीवाला गिरफ्तार। सर्किट हाउस से हिरासत में लेकर जेल भेजा।

सहारनपुर मस्जिद केस: CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी, लेडी यूटूबर हुदा जरीवाला गिरफ्तार
CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी ,लेडी यूटूबर गिरफ्तार

INDIA NEWS REPORT

 UP -DESK

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इसी मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार शाम जब हुदा जरीवाला समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ सर्किट हाउस पहुंचीं तो पुलिस से उनकी बहस हो गई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर शांतिभंग की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया।

सोशल मीडिया वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह

पुलिस का कहना है कि मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद हुदा जरीवाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह सीएम योगी और सहारनपुर के जिलाधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करती नजर आ रही हैं। इसी वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

क्या है मस्जिद विवाद?

प्रशासन के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में करीब 3300 वर्ग फीट में बनी यह मस्जिद लगभग 70 साल पुरानी बताई जा रही है। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने 10 फरवरी 2025 को शिकायत की थी कि मस्जिद अवैध है और इसके कमरों से किराया वसूला जा रहा है।

जांच में अवैध पाए जाने पर प्रशासन ने 24 मार्च 2025 को नगर मजिस्ट्रेट कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट ने 16 जुलाई 2026 को मस्जिद को हटाने और 6.41 करोड़ रुपये का हर्जाना वसूलने का आदेश दिया। जिला जज की कोर्ट ने 2 सितंबर को इस आदेश को बरकरार रखा, जिसके बाद 5 सितंबर को प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ मस्जिद को ध्वस्त कर दिया।

कौन हैं हुदा जरीवाला?

खुद को पत्रकार और यूट्यूबर बताने वाली हुदा जरीवाला आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व प्रवक्ता रह चुकी हैं। दावा है कि उन्होंने बीबीसी लंदन और सऊदी टीवी में भी काम किया है।