Varanasi News: शिवपुर SBI बैंक में चली गोली, संविदा कर्मी महिला घायल, लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त
वाराणसी के शिवपुर SBI क्राइस्ट नगर शाखा में लाइसेंसी रिवाल्वर गिरने से चली गोली, संविदा कर्मी अनुराधा त्रिपाठी घायल। पुलिस ने रिवाल्वर जब्त की, जांच जारी।
INDIA NEWS REPORT
कुलदीप बरनवाल
वाराणसी: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी चौकी अंतर्गत क्राइस्ट नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में शुक्रवार दोपहर अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली लगने से बैंक में संविदा पर सेवा सारथी के पद पर तैनात महिला कर्मी अनुराधा त्रिपाठी घायल हो गईं।
कैसे चली गोली?
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से जौनपुर के सुजानगंज के हिम्मतपुर निवासी और वर्तमान में शिवपुर के लोढ़ान में किराए पर रहने वाले संजीव शुक्ला अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर बैंक पहुंचे थे। संजीव NHAI द्वारा कराए जा रहे रिंग रोड के सर्विस लेन का निर्माण करने वाली कंपनी पीपी पांडेय इंफ्रास्ट्रक्चर में जीएम के पद पर तैनात हैं।
शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे वह YONO अपडेट और पासबुक अपडेट कराने SBI शाखा पहुंचे। एहतियातन उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड रामचंद्र यादव को दे दी। गार्ड ने रिवाल्वर को मेन गेट के पास बने काउंटर की दराज में रख दिया।
करीब 2:45 बजे बैंक की संविदा कर्मी गाजीपुर निवासी अनुराधा त्रिपाठी ने कागज निकालने के लिए दराज खोली, तभी रिवाल्वर जमीन पर गिर पड़ी और अचानक गोली चल गई। गोली अनुराधा के दाहिने पैर में लगते हुए दीवार में जा लगी।
अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर:
घटना के बाद बैंक में अफरातफरी मच गई और ग्राहक बाहर भागने लगे। बैंक मैनेजर मनोज कुमार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को आनन-फानन में पांडेयपुर स्थित दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत खतरे से बाहर है।पुलिस ने क्या कहा:
मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया है। शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बैंक मैनेजर की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
<


