Meerut Snake Murder: पति को मारकर नागिन से कटवाया, रविता और प्रेमी अमरदीप को फांसी

मेरठ कोर्ट ने पति अमित कश्यप की हत्या कर सांप से कटवाने वाली पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई, 1000 रुपये में खरीदा था सांप।

Meerut Snake Murder: पति को मारकर नागिन से कटवाया, रविता और प्रेमी अमरदीप को फांसी
साँप से कटवाकर हत्या को हादसे में बदला :पति की हत्या में कोर्ट ने सुनाई पत्नी और प्रेमी को सज़ा ए मौत

मेरठ। पति की हत्या कर बिस्तर पर नागिन छोड़ने वाले सनसनीखेज हत्याकांड में मेरठ की एडीजे-12 कोर्ट ने शुक्रवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया। जज जयवीर सिंह नागर ने दोषी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई।

1000 रुपये में खरीदा था सांप

12 अप्रैल 2025 की रात बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव में रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप को घर बुलाया। अमित कश्यप टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था। अमरदीप उसी के साथ काम करता था और अक्सर घर आता-जाता था, इसी दौरान रविता से अफेयर हो गया। उस रात दोनों ने मिलकर अमित का गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर हत्या को हादसा दिखाने के लिए सपेरे से 1000 रुपये में खरीदा गया जहरीला सांप उसके बिस्तर पर छोड़ दिया।

पोस्टमार्टम ने खोला राज

सुबह परिवार को बताया गया कि सांप के काटने से मौत हुई है। शरीर पर सांप के काटने के निशान भी थे। परिवार को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी। रविता ने पोस्टमार्टम का विरोध भी किया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना निकली, सांप काटना नहीं। पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट में क्या हुआ?

7 अक्टूबर को कोर्ट ने दोनों को हत्या और साजिश का दोषी ठहराया था। आज सजा पर बहस हुई। सरकारी वकील के.के. चौबे और फरजाना ने कहा - लाश के नीचे सांप रखना सबूत मिटाने की शातिर कोशिश थी, ये रेयरेस्ट ऑफ रेयर है, फांसी दी जाए। मृतक के परिवार के वकील बलराज सिंह ने भी फांसी की मांग की।

जज ने सजा सुनाते हुए मनुस्मृति और महाभारत का जिक्र किया। कहा - "पतिव्रता सावित्री ने यमराज से पति के प्राण वापस ले लिए थे, यहां पत्नी ने ही प्राण ले लिए। ऐसे लोगों के लिए माफी नहीं है।"

फैसला सुनते ही रो पड़ी रविता

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर मेरठ जेल से पेशी हुई थी। फांसी की सजा सुनते ही दोनों फूट-फूटकर रोने लगे। रविता बोली - "मेरे 3 छोटे बच्चे हैं, उनका ख्याल रखा जाए।" अमरदीप बोला - "मेरे बूढ़े मां-बाप हैं।" मृतक अमित की मां कोर्ट से बाहर निकलकर भावुक हो गईं। बोलीं - "बेटे की आत्मा को शांति मिली।"

गौरतलब है कि मेरठ कोर्ट ने 3 दिन में 4 लोगों को फांसी सुनाई है। इससे दो दिन पहले नीला ड्रम हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को भी फांसी की सजा हुई थी।