Greater Noida : नूडल्स खाने के बाद एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पति-पत्नी और 3 मासूम बच्चों ने तोड़ा दम

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में दिल दहला देने वाली घटना, रात में नूडल्स खाने के बाद एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, फूड पॉइजनिंग की आशंका, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच।

Greater Noida : नूडल्स खाने के बाद एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पति-पत्नी और 3 मासूम बच्चों ने तोड़ा दम
जानलेवा नूडल्स या कुछ और?

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जेवर क्षेत्र के रबूपुरा थाना इलाके के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।

रात में खाए थे नूडल्स, सुबह बिस्तर पर मिले शव

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार ने शुक्रवार रात नूडल्स खाकर सोया था। शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से देखने पर पांचों अचेत अवस्था में बेड पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर सभी को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान महेश (37 वर्ष), पत्नी ललिता (35 वर्ष), बेटा लड्डू (11 वर्ष), बेटी मिष्टी (7 वर्ष) और 3 वर्षीय बेटा साक्षात के रूप में हुई है। महेश की मां भी उसी घर में रहती थीं, उन्होंने पुलिस को बताया कि रात में परिवार ने नूडल्स खाए थे।

पुलिस ने क्या कहा?

डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है, लेकिन अभी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर फोरेंसिक टीम और फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने रसोई से नूडल्स और बर्तनों के सैंपल कब्जे में लिए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। गांव में घटना के बाद सन्नाटा और दहशत का माहौल है।