बरेका में स्पेशल कैंपेन 6.0: TTC और इंस्पेक्शन विंग में चला स्वच्छता अभियान

रेल मंत्रालय के निर्देश पर बरेका में स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र और इंस्पेक्शन विंग में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

बरेका में स्पेशल कैंपेन 6.0: TTC और इंस्पेक्शन विंग में चला स्वच्छता अभियान

वाराणसी। रेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को बरेका के दो महत्वपूर्ण विभागों - इंस्पेक्शन विंग और प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र (TTC) में व्यापक साफ-सफाई अभियान आयोजित किया गया।

इंस्पेक्शन विंग के 5 शॉप में सफाई

इंस्पेक्शन विंग में अभियान के तहत रिसीविंग इंस्पेक्शन, लोको फ्रेम शॉप, ट्रक मशीन शॉप, लोको टेस्टिंग शॉप एवं ट्रैक्शन असेंबली शॉप के निरीक्षण कार्यालयों में साफ-सफाई की गई। इस दौरान पुराने रिकॉर्ड, अनुपयोगी सामान और कबाड़ को हटाकर कार्यस्थल को व्यवस्थित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अनावश्यक सामग्री के निस्तारण और जगह के बेहतर उपयोग से काम करने का माहौल बेहतर होगा और संसाधनों का सही इस्तेमाल हो सकेगा।

TTC और वेल्डिंग संस्थान का गार्डन भी चमका

इसी क्रम में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र (Technical Training Center) में भी अभियान चलाया गया। इलेक्ट्रिकल ट्रेड, मशीनिस्ट ट्रेड और भारतीय रेल वेल्डिंग अनुसंधान संस्थान के गार्डन सहित पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई।

कर्मचारियों को किया जागरूक

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, पुराने रिकॉर्ड को हटाने और स्वच्छता को रोज की आदत बनाने के लिए जागरूक करना है।

बरेका प्रशासन का कहना है कि स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत ये गतिविधियां स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्य वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।