मुजफ्फरपुर में किराना व्यवसायी की हत्या, नकाबपोश बदमाशों ने सीने और पेट में पांच गोलियां दागीं
मुजफ्फरपुर में शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को गोलियों से भून दिया। लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी अस्पताल में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसके भाई आर्म्स एक्ट के तहत जेल में बंद है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के तार उसकी भाई के गिरफ्तारी से जुड़े हैं।
अहियापुर थाना क्षेत्र में सहबाजपुर में शुक्रवार देर शाम बेखौफ बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकान में घुसकर किराना व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। दो बदमाशों ने उसे पांच गोलियां मारीं। वह खून से लथपथ होकर वहीं पर गिर पड़ा।
बाइक लेकर बदमाश वहां से भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर घायल राहुल कुमार (25) के परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर स्थिति में उसे बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान में कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी अरविंद प्रताप सिंह और अहियापुर थानाध्यक्ष अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान घटनास्थल से खोखा बरामद हुआ है।
बदमाशों की पहचान करने के लिए पुलिस दुकान के बगल में स्थित एक घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस संदेह के आधार पर विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है।
नकाबपोश बदमाश ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
बताया गया कि राहुल शाम को अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बिना कुछ बात किए बदमाशों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। राहुल को संभलने का मौका नहीं मिला।
गोली राहुल के पेट और छाती समेत अन्य शरीर के हिस्सों में लगी। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में आपसी रंजिश की बात सामने आई है। इसके अलावा भी पुलिस अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि मृतक का भाई आर्म्स एक्ट के तहत जेल में बंद है। सिटी एसपी अरविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कई तरह की बातें सामने आ रही हैं।
परिजनों के बयान से ही घटना के पीछे का कारण स्पष्ट होगा। अबतक की जांच और छानबीन में आपसी विवाद का मामला सामने आया है। मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है।
दो साल पहले हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि दो साल पहले राहुल की शादी हुई थी। उसे एक बच्चा भी है। राहुल तीन भाई है। पुलिस उन सभी से घटना के संबंध में जानकारी लेने में जुटी हुई है। पुलिस की जांच में पता लगा कि पहले भी उसका एक रिश्तेदार जेल भी गया था। उस मामले का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। आशंका है कि कहीं उसी घटना से तो इसका तार नहीं जुड़ा है।


