ग्रामीण चुनावों में TMC ने किया सूपड़ा साफ, जिला परिषद पर BJP नहीं जीती एक भी सीट
panchayat election results
राज्य भर में हुई छिटपुट हिंसा के बाद, पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने ग्रामीण स्थानीय सरकार के तीनों स्तरों पर बहुमत हासिल किया है। टीएमसी ने 3,317 ग्राम पंचायतों में से 2,552 पर जीत हासिल की है। वहीं, 232 पंचायत समितियों और 20 जिला परिषदों में से 12 पर भी टीएमसी का परचम लहरा रहा है।
भाजपा केवल 212 ग्राम पंचायतें और 7 पंचायत समितियां जीत कर दूसरे स्थान पर रही। बीजेपी कोई जिला परिषद पर कब्जा नहीं कर पाई है। फिलहाल कुछ नतीजे अभी भी आने को है।
जीत के बाद क्या बोलीं CM ममता
बता दें, ग्रामीण बंगाल में हर तरह से टीएमसी का कब्जा है। जीत के बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, 'मैं टीएमसी के प्रति लोगों के प्यार, स्नेह और समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं। इस चुनाव ने साबित कर दिया है कि राज्य के लोगों के दिल में केवल टीएमसी ही रहती है।'
पंचायत चुनाव के लिए वोटों की गिनती मंगलवार सुबह से शुरू हुई है। 74,000 से अधिक सीटों में 63,229 ग्राम पंचायत सीटें, 9,730 पंचायत समिति सीटें और 928 जिला परिषद सीटें शामिल हैं।


