Varanasi: थोड़ी बारिश में ही डूबी वाराणसी कचहरी, न्यायिक कार्य बाधित

दी बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने जनपद न्यायाधीश से तत्काल निरीक्षण की मांग की

Varanasi: थोड़ी बारिश में ही डूबी वाराणसी कचहरी, न्यायिक कार्य बाधित

वाराणसी, 05 अगस्त 2026। कचहरी परिसर में थोड़ी सी बारिश के बाद भी जलभराव की स्थिति बनने पर अधिवक्ताओं और वादकारियों को लगातार दिक्कतें हो रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, काशी क्षेत्र के संयोजक और दी बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी ने माननीय जनपद न्यायाधीश, वाराणसी को प्रार्थना-पत्र भेजा है।

प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि वर्षा के बाद परिसर के कई हिस्सों में पानी भर जाता है, जिससे अधिवक्ताओं, वादकारियों और न्यायालय कर्मियों को आने-जाने में भारी असुविधा होती है। यह स्थिति न्यायालय की गरिमा और सुचारु कार्यप्रणाली के अनुरूप नहीं है। त्रिपाठी ने बताया कि इस कारण अधिवक्ताओं में असंतोष है और आम लोगों के बीच भी परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर नकारात्मक चर्चा हो रही है।

उन्होंने मांग की है कि कचहरी परिसर की जल-निकासी व्यवस्था का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और इसका स्थायी एवं प्रभावी समाधान किया जाए। पत्र में मौसम विभाग द्वारा अगले दिनों में और बारिश की संभावना का भी उल्लेख किया गया है। त्रिपाठी ने कहा कि समय रहते सुधारात्मक कार्य कराए जाने जरूरी हैं ताकि न्यायिक कार्यवाही और परिसर आने वाले लोगों को आगे परेशानी न हो।

उन्होंने विश्वास जताया कि जनहित और न्यायहित से जुड़े इस विषय पर जनपद न्यायाधीश शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेंगे।