पीएम के क्षेत्र में विकास की पोल: अमरा-भिखारीपुर मार्ग बना तालाब, सिस्टम मौन

डेढ़ माह से जलजमाव, रोज हो रहे हादसे, धरने के बाद भी PWD ने नहीं ली सुध, कीचड़ में फंसी दिव्यांग की ट्राई साइकिल

पीएम के क्षेत्र में विकास की पोल: अमरा-भिखारीपुर मार्ग बना तालाब, सिस्टम मौन
वाराणसी -भिखारीपुर -चितईपुर मार्ग ,जलजमाव

INDIA NEWS REPORT

वाराणसी। जयचन्द ।

Ground Report:21 सितम्बर 2026 प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के दावे जमीनी हकीकत के सामने बौने साबित हो रहे हैं। शहर के व्यस्ततम अमरा अखरी-भिखारीपुर मुख्य मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। पिछले डेढ़ माह से इस मार्ग पर घुटने भर जलजमाव और कीचड़ है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त मार्ग पर जगह-जगह दो से तीन फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो जलजमाव के कारण दिखाई नहीं देते। इसके चलते प्रतिदिन हादसे हो रहे हैं। पिछले एक माह में चार से पांच ऑटो पलटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

दिव्यांग फंसा कीचड़ में

रविवार सुबह एक हृदय विदारक घटना हुई जब एक दिव्यांग व्यक्ति अपनी ट्राई साइकिल से गुजर रहा था और गहरे कीचड़ में फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी देर तक वह निकलने का प्रयास करता रहा, बाद में स्थानीय युवकों ने उसे बाहर निकाला।

महिलाएं कर चुकी हैं धरना

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (PWD) को कई बार लिखित शिकायत दी गई। करीब दो सप्ताह पूर्व स्थानीय महिलाओं ने इसी मार्ग पर धरना प्रदर्शन भी किया था, परन्तु आश्वासन के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि स्कूली बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। जलजमाव के कारण दुकानों के सामने पानी भरा रहने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

इस संबंध में PWD अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

क्या कहते हैं स्थानीय

"हम लोग शिकायत कर-कर के थक गए हैं। रोज कोई न कोई गिरता है। क्या प्रशासन बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?" - _संजय यादव, स्थानीय दुकानदार