वाराणसी: पांडेयपुर चौकी में पत्रकार से अभद्रता पर प्रदर्शन, मेडिकल के दौरान सिपाही बोला- गोली मार दूंगा बॉस, थाने पर 5 घंटे अर्धनग्न प्रदर्शन

वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाने की पांडेयपुर चौकी में पत्रकार देवेंद्र पांडेय से नशे में धुत सिपाही ने की अभद्रता। मेडिकल के लिए ले जाते समय दी गोली मारने की धमकी। आक्रोशित पत्रकारों ने थाने के बाहर किया 5 घंटे प्रदर्शन।

वाराणसी: पांडेयपुर चौकी में पत्रकार से अभद्रता पर प्रदर्शन, मेडिकल के दौरान सिपाही बोला- गोली मार दूंगा बॉस, थाने पर 5 घंटे अर्धनग्न प्रदर्शन
पत्रकार से अभद्रता पर थाने के बाहर अर्धनग्न प्रदर्शन,ACP ने सिपाही को भेजा मेडिकल के लिए

INDIA NEWS REPORT

VARANASI DESK

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की पांडेयपुर पुलिस चौकी में पत्रकार से अभद्रता और हाथ मोड़ने ,बाहर निकलने के मामले में घटना के विरोध में पत्रकारों ने लालपुर पांडेयपुर थाने के बाहर 5 घंटे तक अर्धनग्न प्रदर्शन किया।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित पत्रकार देवेंद्र पांडेय का घर पांडेयपुर चौकी के बगल में है। बुधवार 23 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह किसी खबर के सिलसिले में चौकी पर गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद सिपाही, जो रोहनिया थाने पर तैनात था, पांडेयपुर चौकी पर सेटिंग करने आया था और शराब के नशे में धुत था।

पत्रकार के पहुंचने से उसकी सेटिंग नहीं हो सकी, जिसके बाद सिपाही ने बदसलूकी शुरू कर दी। उसने पत्रकार की बाइक की चाबी छीन ली, वीडियो बनाने पर हाथ मरोड़कर मोबाइल छीनने का प्रयास किया और गाली-गलौज की। पूरी वारदात चौकी प्रभारी के सामने हुई और CCTV में कैद है। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को मौके से भगा दिया।

प्रदर्शन 5 घंटे चला

घटना की सूचना पर शाम 5:30 बजे से बड़ी संख्या में पत्रकार लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंचे और अर्धनग्न होकर धरना शुरू कर दिया। यह धरना रात 10:30-11 बजे तक चला। पत्रकारों के समर्थन में कई अन्य लोग भी उतरे ।

मेडिकल के दौरान दी धमकी - गोली मार दूंगा बॉस!

जब हंगामा बढ़ा तो पुलिस आरोपी सिपाही को पकड़कर मेडिकल जांच के लिए ले गई। मेडिकल के लिए ले जाते समय भी नशे में धुत सिपाही ने धमकी दी - "गोली मार दूंगा, बॉस गोली मार दूंगा!"

कमिश्नरेट के अफसर अनुशासित बल के इस रवैये को देखें, जिसे पांडेयपुर चौकी प्रभारी और थानेदार लालपुर-पांडेयपुर बचा रहे हैं।

राजनीतिक गर्माहट, ACP ने दिए जांच के आदेश

इस मामले में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने ट्वीट कर सरकार की पुलिसिंग पर सवाल खड़े किए। इसके बाद पुलिस बैकफुट पर आई और ACP ने जांच के आदेश दिए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि CP वाराणसी बेहतर पुलिसिंग के लिए रोज नई योजनाएं बनाते हैं और पत्रकार उनके हर कार्य में सहयोग करते हैं, फिर भी पत्रकारों को ही इंसाफ के लिए 5 घंटे तक प्रदर्शन क्यों करना पड़ा?