वाराणसी में गंगा के ऊपर गरजे राफेल-सुखोई, एयर शो की रिहर्सल देख रोमांचित हुए काशीवाशी

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर वाराणसी में Wings Over Ganga एयर शो का आयोजन होगा। नमो घाट से अस्सी घाट तक राफेल और सुखोई की रिहर्सल देख काशी के लोग हुए रोमांचित।

वाराणसी में गंगा के ऊपर गरजे राफेल-सुखोई, एयर शो की रिहर्सल देख रोमांचित हुए काशीवाशी
Varanasi Wings Over Ganga Air Show Rehearsal at Namo Ghat, IAF Rafale jets flying over Ganga

कुलदीप बरनवाल । वाराणसी। भारतीय वायु सेना के 94वें वर्षगांठ के अवसर पर काशी में पहली बार विंग्स ओवर गंगा एयर शो का भव्य आयोजन किया जाएगा। इससे पहले सोमवार को वाराणसी के नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक आसमान में भारतीय लड़ाकू विमानों की गरज सुनाई दी।

एयर शो से पहले हुई फुल ड्रेस रिहर्सल में राफेल, सुखोई-30 और हेलीकॉप्टरों ने गंगा के ऊपर करतब दिखाए। इस नजारे को देख काशी वासी रोमांचित हो उठे।

छतों और घाटों पर उमड़ी भीड़

रिहर्सल देखने के लिए घाट किनारे हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं शहरी क्षेत्र में लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर इस रोमांचक पल के गवाह बने। जैसे ही विमानों की हुंकार सुनाई देती, लोग उत्साह से चिल्ला उठते।

स्थानीय लोगों ने कहा कि यह पहला मौका है जब हम अपनी वायुसेना के शौर्य और पराक्रम को इतने करीब से देख रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस एयर शो को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।

सोशल मीडिया पर छाया रहा एयर शो

दिन भर वाराणसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राफेल और सुखोई की रिहर्सल के वीडियो वायरल होते रहे। कोई कह रहा था 'देखो राफेल है', तो कोई सुखोई की गर्जना को अपने मोबाइल में कैद करता नजर आया।

बता दें कि मुख्य एयर शो का आयोजन इसी सप्ताह गंगा घाट पर किया जाना है, जिसमें वायुसेना के जांबाज पायलट अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।