वाराणसी: बीएचयू की छात्रा पर माओवादी संगठन खड़ा करने का आरोप, एनआईए ने किया नामजद, एक दिन पहले हुई थी छापेमारी
वाराणसी जयचन्द
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) ने भगत सिंह मोर्चा की सदस्य और बीएचयू की छात्रा आकांक्षा आजाद को माओवादी संगठन खड़ा करने के आरोप में नामजद किया है। चितईपुर की महामनापुरी कॉलोनी में रहने वाली आकांक्षा और सिद्धि तिवारी बिस्मिल्ल से एनआईए की एक टीम ने मंगलवार को आठ घंटे पूछताछ की थी।
आकांक्षा को पूर्व में दर्ज एक मुकदमे में ही नामजद किया गया है। उसकी अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। एनआईए के अनुसार, बिहार में पिछले दिनों गिरफ्तार माओवादी नेता रितेश विद्याथी के भाई रितेश से आकांक्षा आदि के संपर्कों की पुष्टि हुई है। साथ ही, आकांक्षा के कमरे से बरामद साहित्य व अन्य सामग्रियों से भी लग रहा है कि वह माओवादी संगठन खड़ा करने की कोशश में लगी थी। एनआईए की छापेमारी के खिलाफ बुधवार को आकांक्षा के साथ भगत सिंह मोर्चा के सदस्यों ने बीएचयू गेट पर प्रदर्शन भी किया।
एनआईए की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को बनारस के अलावा प्रयागराज, चंदौली, देवरिया और आजमगढ़ में भी छापेमारी की थी। उन्होंने मनीष आजाद, उसकी पत्नी अमिता शिरीन, रितेश विद्यार्थी तथा उसकी पत्नी सोनी आजाद, सहयोगी विश्वविजय व उसकी पत्नी सीमा आजाद, कृपाशंकर और राजेश आजाद को भी नामजद किया है।
माओवाद के प्रचार का जिम्मा
एनआईए के अनुसार छापेमारी में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप, पेन ड्राइव व कपैक्ट डिस्क, नक्सली साहित्य, किताबें, पर्चे, पॉकेट डायरी, शुल्क रसीद बुक आदि सामग्रियां जब्त की गई हैं। उनकी जांच से संकेत मिला है कि केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ाई छेड़ने के मकसद से कई संगठनों एवं छात्र शाखाओं को नए रंगरूटों को प्रेरित करने और उनकी भर्ती व माओवादी विचारधारा के प्रचार का जिम्मा सौंपा गया है।
बिहार से जुड़ा कनेक्शन
एनआईए के अनुसार हाल में गिरफ्तार भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य प्रमोद मिश्रा प्रदेश में चरमपंथी संगठन को खड़ा करने का प्रयास कर रहा था। पिछले महीने बिहार पुलिस ने माओवादी नेता रितेश विद्यार्थी के भाई रोहित विद्यार्थी को गिरफ्तार किया था। रितेश की पत्नी का भी नाम प्राथमिकी में दर्ज है।
रोहित से हुई पूछताछ के आधार पर बिहार पुलिस ने भाकपा (माओवादी) के उत्तरी क्षेत्रीय ब्यूरो (एनआरबी) प्रभारी प्रमोद मिश्रा को गिरफ्तार किया। इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने हथियार एवं गोला बारूद जब्त करने के साथ बंदूक बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। एनआईए के अनुसार रोहित, रितेश व प्रमोद मिश्रा से भगत सिंह मोर्चा के नेताओं के संपर्क मिले हैं।
वाराणसी में रह चुका है रोहित
बिहार में गिरफ्तार रोहित विद्यार्थी भगत सिंह छात्र मोर्चा के साथ बीएचयू के विभिन्न आंदोलनों में शामिल रह चुका है। उसकी गिरफ्तारी के विरोध में बीते 27 अगस्त को मोर्चा की नेता आकांक्षा आजाद आदि ने बीएचयू के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया था।


