रोहनियां में मानव तस्करी गैंग का भंडाफोड़, दो नाबालिग को नशा सुंघाकर बेचने वाली शातिर महिला गिरफ्तार

वाराणसी के रोहनियां थाने की पुलिस ने मानव तस्करी मामले में 32 वर्षीय शातिर महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 14 और 13 साल की दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर नशीला पदार्थ सुंघाकर तस्करी करने का आरोप है। वाराणसी, आजमगढ़, चंदौली में कई केस दर्ज।

रोहनियां में मानव तस्करी गैंग का भंडाफोड़, दो नाबालिग को नशा सुंघाकर बेचने वाली शातिर महिला गिरफ्तार
लेडी तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के रोहनियां थाने की पुलिस को मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही 32 वर्षीय शातिर महिला को टेंगरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिला पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर और नशीला पदार्थ सुंघाकर तस्करी करने की कोशिश की थी। यह गिरफ्तारी पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे अपराध रोकथाम अभियान के तहत वरुणा जोन पुलिस ने की है।

14 मार्च 2025 को दर्ज हुआ था केस

पुलिस के मुताबिक, 14 मार्च 2025 को पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी और उसकी 13 वर्षीय सहेली को कुछ लोग बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि बच्चियों को नशीला पदार्थ सुंघाकर उनकी तस्करी की जा रही है।

इस तहरीर के आधार पर रोहनियां थाने में मु.अ.सं. 0070/2025 धारा 87, 123, 143, 137(2), 351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उ.नि. धर्मेन्द्र राजपूत को सौंपी गई थी।

वाराणसी से आजमगढ़ तक फैला है आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में पता चला कि पकड़ी गई महिला एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ सिर्फ रोहनियां ही नहीं, बल्कि कई जिलों में गंभीर मामले दर्ज हैं।

उसका आपराधिक इतिहास इस प्रकार है - थाना सारनाथ में अपहरण और दुष्कर्म (189/2024), थाना मेहनाजपुर आजमगढ़ में धोखाधड़ी का केस (005/2026) और थाना बलुआ चंदौली में नशा देकर लूट का केस (0053/2023) दर्ज है।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मानव तस्करी के मामले में वांछित महिला टेंगरा मोड़ के आसपास घूम रही है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आज सुबह 10:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम में हे.का. अमरनाथ यादव, जयकान्त पाण्डेय, चन्द्रदीप मौर्य और म.का. रचना सरोज शामिल रहे।

फिलहाल पुलिस अभियुक्ता से पूछताछ कर रही है और उसके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।